2021/01/06

बिहार में कैदियों को पहुंचाकर लौट रहा था कैदी वाहन,बेलगाम ट्रक ने कुचला, ड्राइवर की मौके पर ही मौत

BANKA : बांका के अमरपुर में मुंगेर से कैदियों को पहुंचाकर लौट रहे कैदी वाहन को ट्रक ने कुचल डाला, जिसमें ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई और 2 कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान बांका के पोखरिया निवासी देवेंद्र पंडित के रूप में की गई है। बलराम पंडित और रवींद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतक के परिजनों ने बताया कि कैदी वाहन बांका कोर्ट से शाम में कैदियों को लेकर मुंगेर गई थी। लौटने के क्रम में बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर के पास बेलगाम ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैदी वाहन का ड्राइवर और 2 कांस्टेबल गाड़ी के बाहर पिसा गए। 

इसमें से एक घायल कांस्टेबल ने बांका थाना में फोन कर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही बांका थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और तीनों घायलों को मायागंज अस्पताल ले आई लेकिन देवेंद्र पंडित की इलाज के पहले ही मौत हो गई। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।