BHAGALPUR : भागलपुर के कजरैली में बेलगाम ट्रक ने एक युवक को कुचल डाला। वह अपनी मां को स्टेशन से घर लाने के लिए जा रहा था। मृतक की पहचान कजरौली के वार्ड नंबर 6 निवासी मो. मुकर्रम के पुत्र मो. दानिश (23 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
घर में थी चचेरे भाई की शादी
स्थानीय लोगों ने बताया कि दानिश के घर में चचेरे भाई शहजादा की शादी थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए उसकी मां बांका इंटरसिटी से घर आ रही थी। वह हाजीपुर में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। दानिश अपनी मां को लाने के लिए सवेरे 4 बजे ही बाइक से निकला था। रास्ते में ही लाइन होटल के सामने भागलपुर से कजरौली जा रहे एक बेलगाम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दानिश के अस्थि-पंजर वहीं बिखर गए। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने देखा तो घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया।
बेटे को फोन किया तो पुलिस ने दी मनहूस खबर
दानिश की मां जब भागलपुर पहुंची तो अपने बेटे को कॉल किया। उसे लगा कि बेटा रास्ते में ही होगा, लेकिन वह अब रास्ते में क्या इस दुनिया से ही जा चुका था। जब उसकी मां ने स्टेशन पहुंचने की सूचना देने के लिए फोन किया तो मनहूस खबर मिली। इसके बाद तो मां के होश उड़ गए। दौड़कर मायागंज अस्पताल पहुंची जहां अपने बेटे को देखकर उसके मुंह से आवाज नहीं निकल सकी। मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।