BHAGALPUR : भागलपुर में इंटर के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली है। न कोई दुख न तनाव फिर भी जिंदगी क्यों बोझ बन गई, यह बात मां-पिता की समझ से परे है। मां गहरे सदमे में है। रो-रोकर सिर्फ इतना ही कह रही है कि रात में बबुआ फोन पर बात किया था। बोला था कि मां मैं अभी खाना बना रहा हूं। खाना खाकर कुछ देर पढ़ाई करूंगा, इसके बाद सो जाउंगा। लेकिन, बेटा ऐसी गहरी नींद सोया कि फिर उठा ही नहीं।
घटना भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय किला घाट इमामबाड़ा के पास की है। यहां लॉज में रहकर पढ़ाई कर रहे इंटर के एक छात्र अंकित ने गमछे से फंदा डालकर खुदकुशी कर ली। वह मुंगेर के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के झुंझुनिया पौरिया निवासी प्रदीप शर्मा का 17 वर्षीय पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लाश को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
क्या कहते हैं अंकित के दोस्त
अंकित सराय स्थित मुन्ना लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। वह इंटर फर्स्ट ईयर का छात्र था। उस हॉस्टल में अपने एक ममेरे भाई और अपने गांव के दोस्तों के साथ रहता था। मुन्ना लॉज के दूसरे कमरे में रहने वाले अंकित के मौसेरे भाई यीशु ने बताया कि आज सुबह अंकित साढ़े पांच के करीब जगा था। फिर फ्रेश होकर अपने कमरे में चला गया। तकरीबन 1 घंटे के बाद जब अंकित का मित्र दर्शन खाना बनाने के लिए गया, तो दरवाजा अंदर से बन्द था। जब दो-तीन बार पुकारने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तब उसने अंकित के ममेरे भाई यीशु को बुलाया। दोनों ने मकान मालिक को बुलाकर जब खिड़की से देखा तो अंकित को फंदे से झूलते हुए पाया। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
न कोई दुख न तकलीफ, फिर क्यों कर ली आत्महत्या
अंकित के पिता ने बताया कि कल रात में अंकित ने फोन किया था। उसने काफी देर अपनी मां से बात की थी। उसकी बातचीत से ऐसा कहीं कुछ नहीं लगा कि वह उदास या परेशान है। किस बात को लेकर उसने खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया, यह समझ में नहीं आ रहा है।
अंकित का मोबाइल जब्त कर मौत की गुत्थी सुलझा रही पुलिस
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि घटनास्थल की पूरी तरह से छानबीन की गई, लेकिन कहीं सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजन भी फिलहाल कुछ नहीं बता रहे हैं। पुलिस अंकित का मोबाइल जब्त कर कॉल डिटेल्स निकालने में जुट गई है। पुलिस की मानें तो बहुत जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।