2021/01/11

समस्तीपुर : मंत्री मुकेश सहनी ने मुखिया गोलीकांड में पुलिस पर लगाया ढिलाई बरतने का आरोप, कहा- दो दिनों में परिणाम चाहिए

SAMASTIPUR : मुखिया हत्याकांड मामले मे दो दिनों के भीतर सकारात्मक परिणाम चाहिए। नहीं तो इसके बाद इसकी शिकायत हम मुख्यमंत्री से करेंगे। उक्त बातें पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी ने रविवार की देर संध्या गोही पंचायत के दिवंगत मुखिया राजेश कुमार सहनी के आवास पर कही। मंत्री ने सर्वप्रथम मुखिया स्व. सहनी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं घटना की जानकारी एवं पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी के लिए डीएसपी को खोजा। डीएसपी की गैर मौजूदगी व इंस्पेक्टर मात्र के मौजूद रहने पर आक्रोशित हो गए।

 इन्होंने बताया कि उनकी एसपी से बात हुई थी और उन्होंने वहां डीएसपी की मौजूदगी का आश्वासन दिया था। मंत्री ने मौजूद पुलिस इंस्पेक्टर से कहा कि पुलिसिया ढि़लाई की वजह से अपराधी अभी तक पुलिस की चंगुल से बाहर हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि टेक्निकल जांच हो रही है और इसे गुप्त रखा जा रहा है। अपराधी जल्द पकड़ में आ जाएंगे। दिवंगत मुखिया की बड़ी बहन नीलम देवी ने मंत्री की कलाई पर राखी बांधकर अपने भाई के लिये न्याय की गुहार लगाई।