MADHUBANI : हरलाखी थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने को लेकर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने लगातार छापेमारी कर शराब कारोबारियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है।
इस दौरान गुरुवार की देर रात गुप्त सूचना पर शराब तस्कर को पकड़ने गई हरलाखी थाना की पुलिस जीप कुहासे के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमे एएसआई नीरज चौबे सहित जिला बल के कांस्टेबल जख्मी हो गए। घटना में कांस्टेबल का सिर फट गया है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, पुलिस जीप भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, घटना के बावजूद पुलिस ने 150 बोतल शराब व बाइक के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, दूसरा कारोबारी मौके से फरार होने में सफल हो गया। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान थाना क्षेत्र के दुर्गापट्टी गांव निवासी रोहित कुमार बताया गया है।
गिरफ्तार कारोबारी को भी भागने के दौरान चोटें आई है। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि संध्या गश्ती के दौरान पुलिस की गाड़ी हरसुवार गांव से लौट रही थी। धपहर टोल के निकट कुहासे में शराब कारोबारी पुलिस जीप को देखते ही बाइक घुमाकर भागने लगा। जिस पर पुलिस गश्ती दल ने पीछा करना शुरू कर दिया। थोड़ी दूर आकर कुहासे के कारण तेज गति से भाग रहे कारोबारी की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस दौरान दूसरा कारोबारी भागने में सफल रहा। पुलिस जीप भी खाई में गिर गई जिससे जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी शराब कारोबारी पर प्राथमिकी दर्ज कर पीएचसी में इलाज करवा कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। दूसरे फरार कारोबारी की खोज की जा रही है।
Input-dainik jagran