2021/01/18

समस्तीपुर के रहने वाले हैं BJP नेता सैयद शाहनवाज हुसैन, जिले के लोगों की बढ़ी अपेक्षाएं

SAMASTIPUR : बिहार विधान परिषद के लिए सोमावर को पटना में नामांकन दाखिल करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज का समस्तीपुर से गहरा नाता है। वे मूल रुप से समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत बुजुर्ग द्वार के रहने वाले हैं।

 उनकी दो बहनें शहर के धर्मपुर और मुसरीघरारी के चौसीमा में रहती हैं। वहीं बुजुर्ग द्वार में आज भी उनके परिवार के कई सदस्य रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा बिहार विधान परिषद सदस्य के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद समस्तीपुर जिले में भी खुशी की लहर हैं। 

सुपौल में पले- बढ़े 

बता दें कि भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन के पिता नासिर हुसैन शिक्षक थे। वे सुपौल जिले में पदस्थापित थे। इस वजह से वे अपने पिता के साथ सुपौल में ही पले-बढे़। वहां भी उनका मकान है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सुपौल में ही हुई। लेकिन आज भी वे अपने गांव बुजुर्ग द्वार काे नहीं भूले हैं। परिवार में शादी-विवाह हो या फिर कोई अन्य कार्यक्रम उसमें वे जरूर शामिल होते हैं।

 वे अपने पैतृक घर के साथ-साथ साल में एक-दो बार अपनी बहन-बहनोई से मिलने के लिए भी जरूर आते हैं। शहर के धर्मपुर निवासी सेवानिवृत शिक्षक खालिद विन हैदर उनके बहनोई हैं। यही वजह है कि यहां के अधिकांश नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ उनका प्रगाढ संबंध है। वे अधिकांश नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं।

किशनगंज एवं भागलपुर से जब वे लोकसभा का चुनाव लड़े तो यहां के करीब पचास से अधिक कार्यकर्ता उनके चुनाव प्रबंधन की कमान संभाल रखी थी। पार्टी के द्वारा विधान परिषद के लिए उनके नाम की घोषणा किए जाने के साथ यहां के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह कहते हैं कि सैयद शाहनवाज हुसैन समस्तीपुर के लाल हैं। यदि वे राज्य सरकार में मंत्री पद संभालते हैं तो निश्चित रूप से समस्तीपुर जिले का भी विकास होगा।

Input-dainik jagran