2021/01/13

शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी को दिखाया काला झंडा, गाड़ी के शीशे पर मारा हाथ,कूद पड़ी युवाओं की टोली

BEGUSARAI :  इस वक्त बड़ी खबर बेगूसराय  जिले से सामने आ रही है, जहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी को काला झंडा दिखाया गया है. इस दौरान प्रदर्शनकर्ताओं ने उनकी कार के शीशे पर हाथ भी मारा है. अशोक चौधरी को भारी विरोध का सामना करना पड़ा है. हालांकि उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सही सलामत वहां से निकाल दिया है.

राज्यस्तरीय Z श्रेणी सुरक्षा के बावजूद बेगूसराय में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी की कार पर युवाओं की टोली काला झंडा लिए कूद पड़ी। राज्य के शिक्षा, समाज कल्याण एवं भवन निर्माण मंत्री डॉ. चौधरी बेगूसराय के GD कॉलेज में सर गणेश दत्त जयंती समारोह के लिए आए थे। युवाओं की टोली काले कपड़े के साथ पॉकेट में हाथ डालकर खड़ी रही और एस्कॉर्ट गाड़ी के आगे बढ़ने के बाद जैसे ही कार में मंत्री दिखे तो उनकी गाड़ी पर कूद पड़ी। सुरक्षाकर्मी यह देखकर हैरान हो गए और आननफानन में इन्हें धक्का देकर हटाया।

शिक्षकों ने भी किया विरोध

दिनकर विश्वविद्यालय की मांग को लेकर छात्र राजद के कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाया है। छात्र राजद के जिला अध्यक्ष रामकृष्ण पटेल ने बताया कि लंबे समय से सरकार ये वादा कर रही है। लेकिन इस बात पर अमल नहीं किया जा रहा है, दिनकर विश्वविद्यालय का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। छात्रों के अलावा शिक्षकों ने भी अशोक चौधरी का विरोध किया। नियोजित शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के सामने प्रदर्शन किया। इस बीच कई शिक्षकों ने नारेबाजी भी की। उनका कहना है कि सरकार नियोजित शिक्षकों के साथ न्याय नहीं कर रही है।