AURANGABAD : औरंगाबाद में महज 5 कट्ठा जमीन के लिए एक बेटे ने अपने बाप को ही लाठी-डंडे से पीट-पीट कर मार डाला। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और ससुर के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना दाऊदनगर थाना क्षेत्र के देवही गांव की है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत रामसिंहासन सिंह के छोटे बेटे चंदन कुमार के फर्द बयान पर आरोपी जयराम कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टामार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जमीन विवाद में यह घटना हुई है। बड़े बेटे जयराम कुमार समेत 3 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जयराम को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। मामले आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि जयराम कुमार और चंदन कुमार के बीच 5 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गया। दोनों आपस में भिड़ गए। बीच-बचाव करने रामसिंहासन सिंह पहुंचे तो जयराम कुमार, उसकी पत्नी और ससुर उनके साथ मारपीट करने लगे। सिर पर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन जयराम की पत्नी और ससुर की गिरफ्तारी की मांग पुलिस के कर रहे हैं।