KANPUR : ओला, ऊबर जैसी टैक्सियां आने से महिलाओं को भी रोजगार की नई राह दिखी है। दिल्ली, मुंबई में कई महिलाएं इस तरह से टैक्सी चलाकर जीवकोपार्जन कर भी रही हैं। यही वजह है कि विकास नगर स्थित रोडवेज के मॉडल ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टिट्यूट में कामर्शियल वाहन चलाने की ट्रेनिंग के लिए कानपुर और उसके आसपास के जिलों से 55 महिलाओं ने आवेदन किया हैं। यह महिलाएं अब कॉमर्शियल वाहन चलाने की ट्रेनिंग लेकर लाइसेंस लेंगी।
कामर्शियल वाहन चलाने की ट्रेनिंग लेने के लिए महिलाओं में रुचि बढ़ रही है। जो महिलाएं कामर्शियल वाहन चलाना सीखना चाहती है, उनको 400 घंटे का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मॉडल ड्रॉइिवंग ट्रेनिंग ऐंड रिसर्च इंस्टिट्यूट के प्रिंसिपल एसपी सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग के बाद महिलाएं टैक्सी से लेकर बसों तक का संचालन कर सकेंगी। ट्रेनिंग के बाद प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। प्रमाण पत्र से बस, टैक्सी व अन्य कामर्शियल वाहनों के चालकों की भर्ती में इस्तेमाल किया जा सकेगा। ट्रेनिंग पूरी करने वाली महिलाओं से पहले रोडवेज कार्यशाला वाहन संचालित करवाएं जाएंगे। उसके बाद सड़कों पर महिलाएं बस, टैक्सी चलाती नजर आएंगी।