SAHARSA : जिले के बसनही थाना क्षेत्र के अतलखा - मंगवार के बीच पैक्स गोदाम के निकट शनिवार की रात तीन बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने टेंपो पर सवार आठ लोगों से हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। खास बात यह कि जब इसकी सूचना देने टेंपो मालिक और चालक थाना पहुंचे तो पुलिस ने उसे थाना पर बिठा लिया जिसके बाद ग्रामीण थाना पहुंचकर हंगामा करने लगे।
जानकारी के अनुसार, महुआ पंचायत के अंतर्गत आनंद नगर के निवासी टेंपो मालिक रघुवीर विश्वास, चालक मुकेश कुमार के साथ उक्त गांव के ही दिलीप विश्वास, सूरज कुमार, कृष्णदेव विश्वास, भवेश कुमार, कुमर ठाकुर, झाड़ी विश्वास को सहरसा स्टेशन से लेकर लौट रहे थे।
लौटने के क्रम में मंगवार-अतलखा के बीच पैक्स गोदाम के निकट मुख्य मार्ग पर तीन मोटरसाइकिल पर सवार लगभग आधे दर्जन बदमाशों ने टेंपो रोककर सवार आठ लोगों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
दूसरे प्रदेश से मजदूरी कर आ रहे टेंपो पर सवार दिलीप कुमार के पास से 53 हजार नकद, मोबाइल सहित अन्य लोगों का कुल आठ मोबाइल, बैग, पर्स, एटीएम समेत सभी के पास अलग-अलग रखे लगभग 3500 रुपये लूटकर टेंपो की चाबी लेकर मंगवार की तरफ फरार हो गया जिसके बाद उक्त सभी पीड़ित टेंपो को धक्का देकर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर चौकीदार के दरवाजे पर पहुंचे और चौकीदार को पूरी घटना से अवगत कराया।
इसके बाद चौकीदार ने अपने भतीजे रूपेश कुमार को बोलकर बोलेरो से पीड़ितों को घर पहुंचाया। सभी लोग जब अपने घर आनंद नगर पहुंचे तो चौकीदार के भतीजे ने कहा कि सभी को थाने पर बुलाया गया है। इसके बाद पीड़ितों द्वारा थानाध्यक्ष को पूरी घटना की जानकारी दी गई लेकिन पुलिस ने टेंपो मालिक व टेंपो ड्राइवर को थाने में ही रहने का निर्देश देते हुए पीड़ित को घर जाने को कह दिया।
घटना की जानकारी जब स्थानीय लोगों मिली तो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि को लेकर दर्जनों लोग थाने पहुंच कर टेंपो मालिक व चालक को थाने में बिठाए जाने को लेकर पूछताछ की गई। यह बात पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मुखिया प्रतिनिधि पर ही भड़क गये और राजनीति नहीं करने की सलाह तक दे डाला।
मुखिया प्रतिनिधि ने इसकी सूचना एसडीपीओ को फोन पर दी। हालांकि बाद में मामले को सुलझाकर पीड़ित लोगों से आवेदन लेकर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। उक्त बाबत बसनही थानाध्यक्ष श्वेत कमल ने बताया कि मामले की पूछताछ करने के लिए दोनों को बैठाया गया था। आवेदन लेकर सभी को घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले के तफ्तीश में जुट गई है।
रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा