2021/01/11

समस्तीपुर :21 दिन बाद भी नहीं हुई अपहृत अभियंता की बरामदगी,परिवार में सन्नाटा पसरा

SAMASTIPUR : खानपुर प्रखंड अंतर्गत विशनपुर आभी गांव निवासी अभियंता राम कुमार का अरुणाचल प्रदेश में अपहरण के 21 दिनों के बाद भी बरामदगी नहीं हो सकी है। अभियंता के परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके ससुर रामकुमार दिवाकर सदमे में है। वहीं पत्नी वीणा कुमारी की हालत चिंताजनक है। उनका पांच वर्षीय पुत्र आदित्य ब्लड कैंसर से पीड़ित है।

यह है मामला : विशनपुर आभी गांव निवासी राम कुमार दिवाकर का दामाद अरुणाचल प्रदेश में एक्को गैस एंड वायल इंडस्ट्रीज कंपनी में विगत चार वर्षो से अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। 21 दिसंबर 2020 की शाम छह बजे असोम के ही अन्य अभियंता साइड इंचार्ज एवं अभियंता राम कुमार का प्रोजेक्ट परिसर से ही उल्फा उग्रवादियों ने अपहरण कर लिया। 

अपहरण की खबर मिलते ही स्वजनों में मायूसी छा गई। अपहृत अभियंता की पत्नी वीणा कुमारी अपने पुत्र की गंभीर बीमार से पहले से ही व्यथित थी। पति के अपहरण की सूचना ने उन्हें और बेहाल कर दिया। 21 दिसंबर की शाम जब पत्‍‌नी ने उन्हें फोन किया तो मोबाइल स्वीच ऑफ मिला।

इसके बाद कंपनी के अधिकारी से बात की। तब उनके अपहरण की सूचना मिली। साथ ही जल्द बरामदगी को लेकर आश्वस्त भी किया गया। लोगों ने जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री से अरुणाचल प्रदेश सरकार से पहल कर जल्द से जल्द अभियंता की सकुशल बरामदगी की मांग की है।