ARA : भोजपुर जिले के एक शख्स ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह उसके दोस्त के साथ चार साल के बेटे को लेकर भाग गई है। साथ में तीन लाख की ज्वेलरी और 70 हजार नकद भी ले गई। मामला संदेश थाना इलाके के तीर्थकौल गांव का है।
पत्नी और दोस्त के खिलाफ प्राथमिकी
काफी खोजबीन के बाद जानकारी नहीं मिलने पर पति ओम प्रकाश साव ने संदेश थाने में 11 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई। लिखित आवेदन में पत्नी और दोस्त ओम कुमार उर्फ ननकी का जिक्र किया है। पति ओम प्रकाश साव ने कहा कि रिश्तेदारों के यहां भी फोन पर पत्नी के बारे में जानकारी ली। लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद संदेश थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि थाना अध्यक्ष से इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी कार्यालय पहुंची महिला
प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को पत्नी अपने बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। भोजपुर एसपी हर किशोर राय के सामने हाजिर हुई। उसने बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने ससुराल छोड़ दिया था। एसपी हर किशोर राय के सामने महिला ने पति से अलग रहने की इच्छा जताई है। एसपी के आदेश पर महिला को पुलिस अपने साथ संदेश थाना लेकर आई।