SAMASTIPUR : कोरोना वैक्सीनेशन 16 जनवरी से जिले में शुरू हो रहा है। किसी व्यक्ति को पहले दिन के टीका लगाने के 28वें दिन पुन: टीका लगाया जाएगा और उसके 15 दिनों के बाद उसके शरीर में एंटीबॉडी यानी प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। वैक्सीन लेने के 45 दिनों बाद प्रतिरोधक क्षमता विकसित होगी। टीका लगने के बाद भी कोविड-19 से बचाव के लिए निर्धारित गाइडलाइन का पालन करना होगा। मास्क लगाने के साथ-साथ सैनिटाइज भी करना होगा।
16 जनवरी को जिले के 11 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाना है। प्रत्येक केंद्र पर दो शिफ्ट में टीम ड्यूटी पर रहेंगे। इसमें समस्तीपुर शहर के बंगाली टोला स्थित मीना आश्रय नर्सिंग होम, आदर्शनगर स्थित पुष्पलता देवी चिल्ड्रेन अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल पूसा, रोसड़ा, दलसिंहसराय, पटोरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर, मोरवा, सरायरंजन, उजियारपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर शामिल है। 17 जनवरी से होने वाले टीकाकरण को लेकर केंद्रों में इजाफा किया जाना है। इसके लिए भी विभागीय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को लगाया जाएगा टीका
कोविड-19 के विरुद्ध शरीर में प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न करने के लिए सभी व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा। पहले चरण के टीकाकरण में स्वास्थ्य कार्य से जुड़े लोगों का टीकाकरण होगा। जिनमें सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, निजी क्लीनिकों व नर्सिंग होम, निजी हॉस्पिटल में कार्य करने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं आशा शामिल हैं। 15 जनवरी को टीकाकरण के लिए मोबाइल पर मिलेगा मैसेज
पहले चरण में कोविड टीकाकरण केवल पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों को ही लगाया जाएगा। इसके लिए जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य कर्मियों चिकित्सकों के नाम एवं बायोडाटा संकलित कर डाटा अपलोड किया गया है। इसको लेकर संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों के मोबाइल पर 15 जनवरी को टीकाकरण स्थल का मैसेज भेजा जाएगा।