PATNA : बिहार के सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में बड़ी फेरबदल की गई है। पार्टी के संगठन जिलों के 41 जिलाध्यक्ष एक झटके में बदल दिए गए हैं। हालांकि, इसकी उम्मीद पहले से ही लगाइ जा रही थी। इस फेरबदल को बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार से जोड़कर देखा जा रहा है। विदित हो कि जेडीयू ने विधानसभा चुनाव में कमजोर हुई स्थिति के कारणों पर मंथन के बाद जिम्मेदार अपने लोगों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली थी।
विदित हो कि कुछ समय पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष भी बदले गए। अब एक साथ 41 जिलाध्यक्ष बदल दिए गए हैं।
जेडीयू के 41 जिलाध्यक्षों की सूची जारी
जेडीयू ने अपने 41 संगठन जिलों के नए अध्यक्ष की सूची जारी कर दी है। नए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने जिलाध्यक्षों की जो सूची जारी की है, उसमें कई पूर्व मंत्रियों व विधायकों को स्थान मिला है। पूर्व विधायक अरुण मांझी को पटना जिला जेडीयू का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं परशुराम पारस पटना के बाढ़ संगठन जिला के अध्यक्ष होंगे।
मुख्यालय प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि भीष्म सहनी को बगहा, शुत्रुघ्न कुशवाहा को पश्चिम चंंपारण, रतन सिंह पटेल को पूर्वी चंपारण, कमलेश पांडेय को शिवहर, सत्येंद्र कुशवाहा को सीतामढ़ी, अजय चौधरी को दरभंगा, राजेंद्र प्रसाद यादव को सुपौल, सत्येंद्र कामत को मधुबनी, आशीष कुमार पटेल को अररिया, नौशाद आलम को किशनगंज, श्रीप्रसाद महतो को पूर्णिया, शमीश इकबाल को कटिहार, मंजू कुमारी उर्फ गुड्डी देवी को मधेपुरा, चंद्रदेव मुखिया को सहरसा, मनोज कुमार को मुजफ्फरपुर, संजय चौहान को गोपालगंज, उमेश ठाकुर को सिवान, विशाल सिंह राठौर को सारण, सुभाषचंद्र सिंह को वैशाली, अश्वमेघ देवी कीे समस्तीपुर, रुदल राय को बेगूसराय, बबलू मंडल को खगडिय़ा, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा को नवगछिया, पंचम श्रीवास्तव को भागलपुर, अमरेंद्र कुमार सिंह को बांका, संंतोष सहनी को मुंगेर, रामानंद मंडल को लखीसराय, रणधीर कुमार उर्फ सोनी मुखिया को शेखपुरा, सलमान रागिब को नवादा, सियाशरण ठाकुर को नालंदा, संजय सिंह को भोजपुर, संतोष कुमार निराला को बक्सर, इसरार खां को कैमूर, नागेंद्र चंद्रवंशी को रोहतास, मंजू देवी को अरवल, राहुल शर्मा को जहानाबाद, विश्वनाथ सिंह को औरंगाबाद, द्वारिका प्रसाद को गया तथा शंभु शरण को जमुई का जिला जेडीयू का अध्यक्ष बनाया गया है।
विदित हो कि विधानसभा चुनाव में कम सीटें मिलने के बाद जेडीयू नेतृत्व ने जो फीडबैक लिया, उसमें बड़े पैमाने पर जिलाध्यक्षों की भूमिका संदिग्ध नजर आई। इस बीच पार्टी में शीर्ष स्तर पर भी बड़ा बदलाव हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेडीयू अध्यक्ष की कमान आरसीपी सिंह को सौंप दी तो बीमार चल रहे बशिष्ठ नारायण सिंह की जगह उमेश कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। अब बड़े पैमाने पर जिलाध्यक्षों को बदल दिया गया है। सूत्रों के अनुसार पार्टी में और भी कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं।