PATNA : पटना सहित बिहार के 38 जिले कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने कोल्ड डे घोषित कर दिया है। कोहरे के कारण लगातार गलन बढ़ रही है जिससे अचानक ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग 20 जनवरी तक कोल्ड डे का बढ़ने का खतरा बताया है। ऐसे में मौसम में सेहत को बड़ा खतरा है, इसे लेकर डॉक्टर भी अलर्ट कर रहे हैं। बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने तथा खान-पान में सावधानी बरतने को कहा जा रहा है।
ऐसे बदल रहा मौसम का मिजाज
उत्तर पश्चिम की दिशा से 16 से 19 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से रात के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट हो रही है। इस कारण शनिवार को पटना के साथ बिहार के सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री नीचे रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री उपर रहा। इसके बाद भी ठंड के कारण कोल्ड डे रहा।
पटना में बादल बढ़ा रहे सर्दी
बिहार के उत्तरी हिस्से में चक्रवाती हवाओं की वजह से बादल छाए रहे, जबकि दक्षिणी हिस्से में कोहरा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पटना सहित सभी जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। देश के पहाड़ी हिस्सों पर होने वाली बर्फबारी का असर मैदानी हिस्साों में दिखाई दे रहा है।
20 जनवरी तक रहें सावधान
मौसम विभाग का कहना है कि बफीर्ली हवाओं के परिसंचरण से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। यह स्थिति 20 जनवरी तक बनी रहेगी। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की वजह से आसमान में कोहरा छाया रहेगा।
शनिवार को गया सबसे ठंड, पटना में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को गया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पटना में अधिकतम 16 डिग्री सामान्य से 5.4 डिग्री कम था जबकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा। पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 8 डिग्री होने का अनुमान है। आसमान में कोहरा छाया रहेग। आसमान साफ नहीं होने के कारण ठंड बढ़ेगी। ठिठुरन में भी राहत नहीं होगी।