2021/01/19

समस्तीपुर में बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक से पिस्टल के बल पर 3.30 लाख लूटे

SAMASTIPUR :वारिसनगर-हथौड़ी मुख्य मार्ग मे सोमवार की संध्या भादोघाट पुल से पहले अपराधियों ने बाइक से जा रहे एक सीएसपी संचालक से पिस्टल की बल पर 3 लाख 30 हजार रुपये की लूट कर ली है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की बसंतपुर रमणी पंचायत के किशनपुर बैकुंठ निवासी सह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ग्राहक सेवा केंद्र संचालक प्रभात कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह थाना चौक स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा से पैसा निकालकर अपनी बुलेट बाइक से घर जा रहे थे। 

इस बीच एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी जो रास्ते स्थित रतरास चौर मे पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे, इनके वहा से गुजरते हीं पीछा कर भादो घाट पुल से पहले गाड़ी को ओवरटेक कर पिस्टल के बल पर रोक लिया। उनकी बाइक के हैंडल में टंगे रुपये से भरा थैला व बाइक की चाबी छीनकर वारिसनगर की ओर भाग गए। 

उन्होंने बताया है कि झोले मे बैंक से संबंधित कई कागजात थे। इधर लूट के बाद थाना गेट पर वाहन चेकिंग कर रहे पुलिस को चकमा देकर एक पल्सर बाइक सवार तेजी से फरार हो गया था । कयास लगाया जा रहा है कि उक्त बाइक सवार रुपये लूट कर हीं भाग रहे थे ।

 पीड़ित सीएसपी संचालक ने लुट की लिखित सूचना स्थानीय थाना को दी है । थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि बाजार में कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु नाकेबंदी कर दी गई है ।