GAYA : ट्रेनों में शराब खोजने निकली रेल पुलिस के हाथ करीब 32.5 किलो चांदी लग गई। चांदी के ये जेवरात दो सुटकेस व एक ट्रॉली बैग में भरकर नीलांचल एक्सप्रेस से ले जाए जा रहे थे। उनका बाजार मूल्य 21 लाख 12 हजार रूपए के करीब है।
जेवर के कागजात नहीं दिखाने पर हुई अरेस्टिंग
गया के रेल थानाध्यक्ष के अनुसार रेल पुलिस के जवान गया जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी अप निलांचल एक्सप्रेस स्पेशल 02875 के एस 8 बोगी में घुसे। एक उपरी बर्थ पर दो सूटकेस व एक ट्रॉली बैग रखा था, जिसे जांच के लिए उतारा गया।
पूछने पर किसी ने उसे अपना नहीं बताया, तो जवान उसे ले जाने लगे। तभी दो लोग आये और उनकी जिम्मेदारी ली। इसके बाद तीनों की तलाशी ली गई जिसमें भारी मात्रा में चांदी के जेवरात निकले। ज्यादातर पायल थे। पुलिस ने दोनों से इनके कागजात दिखाने को कहा, जो नहीं दिखा सके। इसके बाद ही तबरेज खान व अब्दुल जलालुद्दीन नाम के दोनों व्यक्तियों को अरेस्ट कर लिया गया।
एक्साइज अफसरों ने भी की पूछताछ
चांदी के जेवरात बरामदगी मामले में रेल पुलिस ने एक्साइज विभाग को सूचना दी। स्थानीय एक्साइज अफसरों ने गिरफ्तार युवकों से बरामद जेवरात के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बरामद चांदी का बाजार मूल्य करीब 21 लाख 12 हजार रुपए है। अधिकारियों के अनुसार 32.5 किलोग्राम चांदी के साथ गिरफ्तार दोनों युवकों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।