PATNA : स्नातक उत्तीर्ण लगभग 16 हजार छात्राओं के खाते में फरवरी के प्रथम सप्ताह में 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी। शिक्षा विभाग ने राशि भेजने की तैयारी कर ली है। सीएम बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के तहत 9603 छात्राओं के खाते में 24 करोड़ 75 हजार की राशि पिछले दिनों भेज दी गई है।
फरवरी में राशि भेजने के बाद विभाग का लक्ष्य है कि 5 मार्च तक 20 हजार छात्राओं को 50 करोड़ की राशि उनके खाता में भुगतान कर दिया जाए। शेष छात्राओं को 31 मार्च तक 84 करोड़ की राशि भेजी जाएगी। शिक्षा विभाग के वेबसाइट पर अब तक स्नातक उत्तीर्ण 163271 छात्राओं ने आवेदन किया है। अप्रैल 2018 से यह योजना राज्य में लागू है।
सीएम बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना 2020-21 के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके पहले 2019-20 में इस योजना के लिए 200 करोड़ का प्रावधान था। इसके पहले 2018-19 सत्र के लिए 300 करोड़ की योजना राशि का प्रावधान किया गया था। एक अप्रैल 2021 के बाद स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को प्रोत्साहन राशि 25 हजार के बदले 50 हजार रुपए मिलेगी। राशि बढ़ाने का शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को भेज दिया है।
पिछले दिनों 9603 छात्राओं को भेजी गई थी राशि
आवेदन करने वाली छात्राओं की विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से सर्टिफिकेट की जांच के बाद प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खाता में देने का प्रावधान है। स्नातक में राज्य के अंतर्गत स्थापित विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण स्नातक छात्राओं को योजना का लाभ मिलता है। कला, वाणिज्य, विज्ञान, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, मेडिकल, पत्रकारिता सहित समकक्ष स्नातक उत्तीर्ण छात्राएं योजना का लाभ ले सकती हैं।
स्नातक कन्या प्रोत्साहन योजना की पूरी जानकारी विभागीय वेबसाइट Educationbihar.gov.in पर ली जा सकती है। छात्रा या अभिभावक इस योजना से संबंधित जानकारी या सहायता हेल्पडेस्क नंबर 0612-230059 पर ली जा सकती है। ऑनलाइन पोर्टल ekalyan.bih.nic.in पर योजना का लाभ के लिए आवेदन करने का प्रावधान है। मोबाइल एप MKUY (SNATAK) प्ले स्टोर से डाउनलोड कर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन स्वीकृत होने पर लाभुक को मोबाइल पर सूचना मिलती है। फिर विवि से जांच के बाद राशि लाभुक के खाता में दी जाती है।