2021/01/16

शुरू हुआ देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान, सहरसा जिले के सदर अस्पताल में सफाई कर्मी अनिल कुमार को दिया गया टीके का पहला डोज

SAHARSA : वैश्विक महामरी कोरोना संक्रमण से उबरने के लिए प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत की | प्रधानमंत्री मोदी ने विडीयो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत के अवसर पर देशवासियों को संबोधित भी किया| इधर सहरसा जिले के सदर अस्पताल स्थित पारा मेडिकल कॉलेज से टीकाकरण का  शुभारम्भ जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने फीता काटकर किया| 

जिला पदाधिकारी ने बताया कि शनिवार को सदर अस्पताल सहित जिले में छः स्थलों में टीकाकरण अभियान की शुरुआत एक साथ की गयी है | जिला पदाधिकारी ने अपने सन्देश में कहा कि आज जिले के लिए बहुत ही ऐतिहासिक दिन है | पिछले एक साल से जिलावासी कोरोना महामारी से जूझ रहे थे | इस महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य प्रारंभ हो गया है | उन्होंने बताया कि टीका लगाने के बाद लाभार्थी को कोई परेशानी होने की बात सामने नहीं आई है | 

टीकाकरण के बाद लाभार्थी को अवलोकन रूम में 30 मिनट रखने की व्यवस्था की गयी है | जिलाधिकारी ने बताया कि टीकाकरण अभियान के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि पिछले कई  दिनों से तैयारी में लगे थे | 

टीकाकरण कार्य के पर्यवेक्षण के लिए अलग से पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी | जिला पदाधिकारी ने बताया कि सदर अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र का पर्यवेक्षण खुद उनके द्वारा किया जा रहा है जबकि अन्य टीकाकरण केन्द्रों पर जिले के उच्च स्तर के पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गए हैं | 

सफाई कर्मी अनिल कुमार को दिया गया टीके का पहला डोज, किया गया अवलोकन  :

जिला पदाधिकारी ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर में स्थित टीकाकरण सत्र स्थल से टीकाकरण का कार्य आरम्भ हुआ | प्रथम टीका सदर अस्पताल के सफाई कर्मी अनिल कुमार को दिया गया | टीका लगाने के उपरांत कर्मी को 30 मिनट के अवलोकन के लिए भी सत्र स्थल के अवलोकन कक्ष में रखा गया | लाभार्थी को टीका लगने के बाद किसी भी तरह के परेशानी की बात नहीं हुई है | जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम सभी छः टीकाकरण सत्र स्थल से कुल 534 लोगों को टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है |



टीके के दो खुराक के बीच होगा लगभग एक महीने का अंतर, खुराक पाने के बाद भी मास्क पहनना है जरूरी  :

जिला पदाधिकारी ने बताया कि पहली एवं दूसरी डोज लगाने के बीच लगभग एक माह का अंतर रखा जायेगा | लाभार्थी को दूसरा डोज देने के बाद ही उनके शरीर में कोरोना के विरुद्ध लड़ने के लिए प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सकेगी  | इसलिए यह जरूरी  है कि टीका लगने के बाद भी मास्क का उपयोग करते रहें | उन्होंने बताया कि पहले चरण में निजी एवं सरकारी क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों, आई.सी.डी.एस. कार्यकर्त्ताओं, सफाई कर्मियों आदि को को-विन पोर्टल पर पंजीकृत  किया गया था | ऐसे ही लाभार्थियों को जिले में स्थापित छः केन्द्रों के माध्यम से टीकाकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जायेगा|  

इन छः टीकाकरण केन्द्रों पर लगा टीका :

1.सदर अस्पताल सहरसा 
2.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ
3.नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
4.मध्य विद्यालय सोनवर्षा
5.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महिषी 
6.अनुमंडल अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर

जिले के टीकाकरण सत्र स्थलों पर  शुरुआत एवं उद्घाटन का सिलसिला 12 बजे तक चलता रहा | नारायण मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण सत्र स्थल का उद्घाटन  उप वुकास आयुक्त के द्वारा  किया गया | अन्य सत्र स्थलों का उद्घाटन सम्बन्धित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं चिकत्सा पदाधिकारियों द्वारा किया गया | 

टीकाकरण को लेकर कर्मियों में दिखी उत्सुकता :

कोविड-19 टीकाकरण के प्रथम चरण के प्रथम दिन लगभग 600 लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य रखा गया था | सभी टीकाकरण सत्र स्थलों प्रथम दिन के टीकाकरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न  कराया गया | नारायण मेडिकल कॉलेज में स्थित सत्र स्थल पर पहला टीका संजय कुमार तिवारी को दिया गया | संजय, नारायण मेडिकल कॉलेज में लेखापाल के रूप में कार्यरत हैं  | वहीँ सलखुआ सामुदायिक केंद्र पर पहला टीका अभिषेक कुमार को लगाया गया जो इसी सामुदायिक केंद्र पर लेखापाल हैं  | सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महिषी के टीकाकरण सत्र स्थल पर मशरु मेहता, सफाई कर्मी को पहला टीका दिया गया | टीकाकरण को लेकर सभी सत्र स्थलों पर लाभार्थी काफी उत्सुक नजर आये |

वैक्सीन के रख-रखाव हेतु सुदृढ़ दिखी व्यवस्था, कोविड मानकों का हुआ पालन :

सभी टीकाकरण केन्द्रों पर टीकाकरण के रख-रखाव के लिए  पूर्व से ही कोल्ड चेन  की सुचारू व्यवस्था की गयी थी | वैक्सीन को सत्र स्थल पर नियमनुसार रखा गया था एवं उपयोग में लाया जा रहा था | सभी केन्द्रों पर कोविड मापदंडों यथा मास्क एवं सैनिटाइजर  का उपयोग था व  सामाजिक दूरी का पालन किया गया | लाभार्थी के बैठने के लिए  प्रतीक्षालय एवं अवलोकन हेतु अवलोकन कक्ष में उचित साधनों का भी इंतजाम स्वास्थ्य विभाग के द्वारा किया गया था | 

सदर अस्पताल के टीकाकरण सत्र स्थल के उद्घाटन मौके पर जिले के सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार, डीआईओ डॉ. कुमार विवेकानंद, डीपीएम विनय रंजन, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन  पदाधिकारी कंचन कुमारी,यूएनडीपी के कार्यक्रम पदाधिकारी  प्रियरंजन झा  तथा भीसीसीएम मोहम्मद खालिद,केयर इंडिया के डीटीएल रोहित रैना,यूनिसेफ के एसएमसी बंटेश नारायण मेहता एवं मजहरुल हसन, डब्लूएचओ के एसआरटीएल डॉ राजेश कुमार वर्मा एवं एसएमओ डॉ मयंक शेरसिया, अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार चंचल ,जिला प्रतिरक्षण कार्यालय के दिनेश कुमार दिनकर तथा कोल्ड चेन  हैण्डलर प्रमोद कुमार के साथ साथ अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे |