2021/01/31

स्कूटी से शराब बेच रहीं लड़कियां, 18 बोतल डिलीवरी देने जा रही बुलबुल को पुलिस ने पकड़ा

PATNA : बिहार में शराबबंदी के बाद शराब तस्कर पुलिस से बचने के लिए हर रोज नये तरीके अपना रहे हैं. इस काम में अब युवतियों को शामिल कर लिया गया है. युवतियां शराब की होम डिलिवरी कर रही हैं. यह तरीका पुलिस से बचने के लिए शराब तस्करों ने अपनाया है.

पीरबहोर पुलिस ने बताया कि उसने पूछताछ में फिलहाल यह जानकारी नहीं दी है कि वह शराब कहां से ला रही थी और किसे सप्लाइ करने जा रही थी. उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.युवती भिखना पहाड़ी के समीप स्थित बिहारी साव लेन गली की रहने वाली है. युवती की उम्र 25 वर्ष है और स्नातक पासआउट है. पुलिस की पूछताछ में इसने बताया कि घर की आर्थिक तंगी करने के कारण इस धंधे में उतर गयी और शराब की सप्लाइ करने लगी. इससे उसे प्रतिदिन 500 से 1000 रुपये की कमाई हो जाती है.

पुलिस नहीं करती थी गाड़ी की चेकिंग

युवती बुलबुल कई दिनों से शराब की होम डिलिवरी कर रही थी. महिला होने के कारण वह हमेशा पुलिस की जांच के दौरान बच निकलती थी. क्योंकि कोई भी उसकी स्कूटी की डिक्की को खोल कर चेक नहीं करता था और उससे केवल गाड़ी के कागजात देखने के बाद जाने की इजाजत दे दी जाती थी. इसी का फायदा उठाते हुए वह आराम से शराब की डिलिवरी पटना के विभिन्न इलाकों में कर रही थी.