BUXAR : ठगों ने बिहार के बक्सर जिले एक दारोगा जी को ही चूना लगा दिया। वह भी दस-पांच हजार के नहीं बल्कि पूरे एक लाख दस हजार रुपए। दारोगा ने खुद अपने ही थाने में आवेदन दिया है।
नगर थाने के सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश कुमार मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाने के पटोरी गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल यहां पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में नगर थाने में ही पोस्टेड हैं। उनके मुताबिक उन्होंने फेसबुक पर 16 जनवरी को एक स्कार्पियो बेचने का विज्ञापन देखा। उन्होंने पेज पर दिए गए नंबर पर फोन किया तो अगले ने अपना नाम सुरेंद्र सिंह बताया। उसके अनुसार वह भभुआ जिले के रामगढ़ थाने के छेवरी गांव का रहने वाला है।
सुरेंद्र ने गाड़ी बेचने की बात कही और जयप्रकाश को गाड़ी के कागजात भेज दिए। दारोगा जी झांसे में आ गए और सुरेंद्र के खाते में उसके मांगे मुताबिक तपाक से दस हजार भेज दिए। इसके बाद अगले पांच दिनों में अलग-अलग बहाने बना दारोगा से एक लाख दस हजार रुपए ऐंठ लिया। इसके बाद भी गाड़ी भेजने के लिए 65 हजार मांगा जा रहा था। दारोगा जी ने जब यह कहा कि गाड़ी पहुंचाने के बाद पेमेंट होगा, तो उधर से जवाब आया कि बिना पैसे दिए गाड़ी नहीं भेजी जाएगी। यह धमकी भी दी गई कि तुम्हें जो करना होगा, कर लेना। हम सबों को तुम ढूंढते रह जाओगे।
साइबर फ्राड के झांसे में आए दारोगाको अपनी गलती का अहसास हो चुका था। अब उन्होंने उसी थाने में खुद के ठगे जाने की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जहां वे पोस्टेड हैं। नगर थाने की पुलिस के लिए भी यह केस एक चुनौती की ही तरह है, क्योंकि इस बार थाने का दारोगा ही ठगा गया है।