2021/01/24

इंजीनियर के अर्ध निर्मित घर में हुई 10 लाख के जेवरात सहित 12 लाख के संपत्ति की चोरी

SAHARSA :  सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा, वार्ड नंबर 14 स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में इंजीनियर एस के यादव के घर शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने 10 लाख के जेवरात, 50 हजार नकद समेत घर के कीमती सामानों की चोरी कर ली है। जिसकी सूचना रविवार की सुबह इंजीनियर की प्रोफेसर पत्नी साधना कुमारी को तब लगी। वे शनिवार को अपनी बहन के घर गई थी। चोरी की सूचना सदर थाना को भी दी गई। मौके पर पुलिस पहुंच कर जांच कर रही थी।

 पीड़ित मधेपुरा स्थित के०बी वुमेन्स कॉलेज के रसायन विभाग की प्रोफेसर साधना कुमारी ने बताया कि उनके पति झारखंड स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनके बच्चे भी बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। फिलहाल वे अकेले सिमराहा वार्ड नंबर 14 में रहती है। वे घर के निर्माण कार्य को संपन्न करवा रही थी। 

शनिवार को वे उक्त मोहल्ले में ही अपनी बहन के घर आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने गई थी। सुबह लौटने पर देखा कि कमरे का सभी सामान बिखरा हुआ है। गोदरेज टूटी हुई है। ट्रंक का भी ताला टूटा हुआ है। उन्होंने बताया कि लगभग 12 लाख के सामान की चोरी हुई है। 

क्या-क्या हुए चोरी

उन्होंने बताया कि गोदरेज में रखे सोने की मंगलसूत्र एक सेट, सोने की टॉप 5 सेट, सोने का झुमका 8 सेट, सोने की अंगूठी 5 पीस, सोने का एक सिक्का चोरी हुई है। वहीं चांदी की दर्जनों बिछिया, 7 जोड़ी पायल, 4 जोड़ी ब्रेसलेट, 3 जोड़ी कारा, 2 जोड़ी नजरिया और चांदी के सिक्के की चोरी हुई है। वही पीतल के भी कई मूर्ति की चोरी हुई है। जिनमें विष्णु महालक्ष्मी की मूर्ति, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सिंहासन सहित अन्य भगवान की मूर्ति भी चोरी हो गई है। 

घरेलू सामान भी हुई चोरी

वहीं उन्होंने बताया कि घर के किचन में रखे दोनों गैस सिलेंडर की चोरी हुई है। वहीं ट्रांजिस्टर, मोटर, कुकर छ: पीस कुर्सी, सहित कीमती साड़ी और अन्य कीमती कपड़े की भी चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि 50 हजार नकद रुपए भी गोदरेज में रखे हुए थे। वह भी गायब है। इस संदर्भ में मुख्यालय डीएसपी बृजनंदन मेहता ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। सदर थाना द्वारा जांच की जा रही है। मामला दर्जकर चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी और सामान की बरामदगी भी होगी।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा