2020/12/05

दिनदहाड़े गोलीबारी के बाद से समस्तीपुर में दहशत, पुलिस को फर्द बयान का इंतजार,गोलीबारी में अभी तक FIR दर्ज नहीं

SAMASTIPUR : पूसा थाना क्षेत्र के धोवगामा गांव में गुरुवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष पर हुई गोलीबारी में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। गोलीबारी में जख्मी एक पक्ष के द्वारा अभी तक बयान नहीं दिए जाने से पुलिस इंतजार में है।

वहीं इस कांड को लेकर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोहर ठाकुर के घर सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैला हुआ है। अत्याधुनिक हथियार के प्रयोग से दिनदहाड़े फायरिग ने पूसा क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। पुलिस अभी तक कैलाश ठाकुर के साथ पिस्टल चलाने वाले युवक की पहचान भी नहीं कर पाई है और नहीं अभी तक उसकी कोई गिरफ्तारी हुई है। 

वहीं मनोहर ठाकुर के द्वारा थाने में आवेदन देकर कहा गया है कि स्थानीय जिला पार्षद संजय त्रिवेदी की पुत्री की शादी का कार्ड बांटने के सिलसिले में गांव के ठाकुरबाड़ी पहुंचे थे इसी बीच पूर्व से घात लगाए कैलाश ठाकुर ने अपने एक साथी के साथ मुझ पर अंधाधुंध कारबाइन एवं पिस्टल से फायर झोंक दिया। हालांकि गोली मोटरसाइकिल पर लगी। 

बाद में वहां से भागने में हम कामयाब हुए। उन्होंने दावा किया है कि गोली चलाने वाले कैलाश ठाकुर को इसी क्रम में पेट में गोली लगी जिससे वह घायल हो गए। 

घायल व्यक्ति का इलाज पटना पीएमसीएच में कराया जा रहा है। पूसा पुलिस घायल व्यक्ति से पटना फर्द बयान लेने जा चुकी है। फर्द बयान आते ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। 

इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत है वहीं चर्चाओं का बाजार भी गरम है। लोगों का कहना है कि इधर कुछ महीनों से अपराधिक घटनाओं में तेजी आ रही है। थाना अध्यक्ष कामेश्वर शर्मा ने बताया कि फर्द बयान आते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन दूसरे व्यक्ति की तलाश कर रही है।