BIHAR:लखीसराय मुंगेर-लखीसराय एनएच 80 पर सूर्यगढ़ा के पास अपराधियों ने रविवार की देर रात एक कुरियर वाहन को रोककर लूटपाट की थी। साथ ही उक्त वाहन के चालक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए घटना में शामिल मुंगेर जिले के दस अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही लूट में प्रयुक्त स्कार्पियो, लूट के मोबाइल, कट्टा और कारतूस भी बरामद की गई है। एसपी सुशील कुमार ने यह जानकारी देते हुए कहा जिले में अपराधिक गतिविधियों पर विराम लगेगा। गैर काूनूनी हरकत में शामिल लोग जेल जाएंगे। उन्हें किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा।
कूरियर वाहन लूटपाट में गिरफ्तार अपराधियों में अमरजीत कुमांर उर्फ रंजीत, सौरभ कुमार, अभिषेके कुमांर, भूपेंद्र सिंह, वरुणदेव कुमांर, बिट्टू कुमांर, पुरुषोत्तम पासवान, दिव्यम कुमार, अमन कुमांर, सनोज कुमांर सभी मुंगेर जिले के शामिल थे।
उक्त सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि मुंगेर की ओर से एक पिकअप वैन (कुरियर वाहन) पटना की तरफ जा रही थी। मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के साध बाबा स्थान के पास से एक स्कार्पियो ने पीछा करना शुरू किया। कुरियर वाहन जब सूर्यगढ़ा बाजार से निकली तो मानोचक के पास ओवरटेक करके उसे रोक लिया।
कुरियर वाहन पर सवार एक व्यक्ति से करीब एक लाख रुपये नकदी और मोबाइल की लूट कर ली। इस दौरान चालक मुंगेर जिला के नया राम नगर थाना क्षेत्र के जानकीनगर केशोपुर निवासी पंकज गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। सूर्यगढ़ा पुलिस ने रात को ही पहुंचकर शव को सदर अस्पताल भेजा।
स्कार्पियो पर आधा दर्जन अपराधी सवार थे। एसपी ने घटना का पर्दाफाश करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने की बात कही है। एसपी ने कहा कि इमानदारी से काम करने वाले पुलिस अधिकारी को पुरस्कार दिया जाएगा वहीं जो अपने कर्तव्य में लापरवाही बरतेंगे उन्हें लाइन हाजिर किया जाएगा।