2020/12/17

बिहार में प्रेमी की शादी का विरोध कर प्रेम बंधन में बंधी प्रेमिका

DARBHANGA : प्रेमी की शादी दूसरी लड़की से होने की सूचना मिली तो बेचैन प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई। अपना प्यार पाने की जिद पर अड़ गई। लेकिन, मनिगाछी के माउबेहट गांव निवासी प्रेमी के स्वजनों ने उसे अपनाने से इन्कार कर दिया। फिर वह बाजितपुर पुलिस के पास पहुंची और गुहार लगाई। 

पुलिस ने युवती के आवेदन के आलोक में कार्रवाई की और प्रेमी बासुकीनाथ को गिरफ्तार किया। इस बीच बासुकीनाथ की जिस लड़की से शादी तय थी, उसके स्वजनों ने शादी तोड़ते हुए उसी तिथि पर अपनी पुत्री की शादी दूसरे लड़के से की। बताया गया है कि दोनों ही लड़कियां मधुबनी जिले की हैं.

पहली लड़की बेनीपट्टी थानाक्षेत्र की है, जिसके साथ बासुकीनाथ का प्रेम-संबंध कोलकाता में तीन साल तक चला। इस बीच बासुकीनाथ की शादी इसी जिले के सकरी थानाक्षेत्र में तय हो गई। 

घटना की जानकारी मिलने के साथ युवक की प्रेमिका उसके घर पहुंची और हंगामा खड़ा कर दिया। स्वजनों ने शादी से इन्कार कर दिया। इस बीच बासुकीनाथ दुल्हा के रूप में तैयार होकर अपने बारातियों के संग शादी करने के लिए निकला तो प्रेमिका ने बाजितपुर ओपी का सहारा लिया। 

इस सिलसिले में ओपी अध्यक्ष को आवेदन दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए ओपी अध्यक्ष उदय शंकर ने दुल्हा बासुकीनाथ को पकड़कर थाने पहुंचाया। जिसकी भनक लड़की पक्ष को लगी। लड़की पक्ष ने बाजितपुर ओपी पर पहुंचकर वस्तु स्थिति की जानकारी ली। और दुल्हा बासुकीनाथ से उसके प्रेमिका काजल के संबंध में पूछताछ किए। दुल्हा ने पूर्व से काजल के साथ प्रेम प्रसंग की बात को स्वीकार किया। 

फिर इस परिवार के लोगों ने दूसरे लड़के का साथ शादी तय कर दी। उसी रात लड़की की शादी कर दी। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने समझौता पत्र लिया। मंगलवार को प्रेमी एवं प्रेमिका की शादी परिवार सहित समाज के लोगों ने दरभंगा श्यामा माई मंदिर में करा दिया। इस तरह से प्रेमी युगल प्रेम बंधन में बंध गए। कोलकाता में परवान चढ़ा था प्यार

बता दें कि बेनीपट्टी की लड़की के साथ कोलकाता में बासुकीनाथ का प्यार परवान चढ़ा। बासुकीनाथ झा भी कोलकाता में कामकाज करते थे। इसी बीच गत तीन वर्षों से दोनों का प्रेम-प्रसंग चलता रहा। इस बीच वह गांव आकर दूसरा ब्याह रचाने लगा था। लेकिन, प्रेमिका की हिम्मत के बाद शादी हो गई।

पुलिस के सामने युवक ने स्वीकारी प्रेम-संबंधों की बात

ओपी प्रभारी उदय शंकर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से समझौता पत्र दिया गया। इसके बाद शादी कराई गई है। लड़का व लड़की दोनों बालिग हैं।