NEW DELHI : CBI ने रिश्वत लेने के मामले में वसंत कुंज वार्ड से भाजपा पार्षद मनोज महलावत को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि निर्माण कार्य के संबंध में मनोज महलावत ने एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद सीबीआइ ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से पहले सीबीआइ ने बृहस्पतिवार रात उनके वसंत कुंज स्थित आवास पर छापेमारी की। छापेमारी में सीबीआइ की टीम ने पांच लाख की नकदी भी बरामद की है। शुक्रवार को मनोज को सीबीआइ की अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
भाजपा ने पार्टी से किया निलंबित
गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने मनोज महलावत को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप को पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कर सकती है। इसलिए मनोज को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निकाला जाता है।
पार्षद की गिरफ्तारी पर निगम पर बरसी आप
रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआइ द्वारा पार्षद को गिरफ्तार किए जाने पर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बिना एमसीडी में रिश्वत दिए कोई ईमानदार व्यक्ति दिल्ली में अपना घर नहीं बना सकता।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि तमाम अधिकारी और भाजपा के निगम पार्षद एक गिरोह के रूप में काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के रिहायशी इलाकों में मकान बनाने को लेकर जो नियम कानून बनाए गए हैं, वह इतने मुश्किल हैं कि उन्हें पूरा करके दिल्ली में घर बनाना असंभव है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यदि आप पैसे नहीं दोगे, तो आपके घर का निर्माण रुकवा दिया जाएगा।