2020/12/09

बिहार : आर्केस्ट्रा की एक लड़की डांसर को मारी गोली,हालत गंभीर,युवक की तलाश जारी

BIHAR : पूर्वी चंपारण रक्‍सौल के आदापुर हरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचुरबारी गांव के समीप किराए के मकान में रह रही आर्केस्ट्रा की एक नर्तकी को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। घटना मंगलवार की देर रात घटित हुई, जिसके बाद पीडि़ता को उपचार हेतु रक्सौल स्थित एसआरपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आइसीयू में जिंदगी व मौत से जूझ रही है। वहीं घटना को अंजाम देकर फरार युवक की गिरफ्तारी हेतु पुलिस छापेमारी कर रही है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि घायल पीडि़ता पूजा अपनी मां सह आर्केस्ट्रा संचालिका नीतू सक्सेना के साथ रहकर आर्केस्ट्रा में बतौर नर्तकी अपने परिवार का भरण-पोषण करती आ रही है। फिलहाल पूजा तीन बच्चों की मां है। पूजा का अपने पति से चार वर्ष पूर्व तलाक होने के बाद से अपनी मां नीतू के पास ही रहती है। इधर गत एक वर्ष से स्थानीय श्यामपुर बाजार निवासी आजाद अंसारी नामक युवक के द्वारा पूजा से शादी करने को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, परन्तु पूजा व उसके स्वजन इसके लिए तैयार नही थे। इसको लेकर कई बार आपसी बैठक कर उक्त युवक को इसका पीछा छोड़ देने की चर्चा भी हुई थी। बावजूद वह पीछा छोडऩे को तैयार नहीं था।

इधर, मंगलवार की रात करीब 12 बजे अचानक उक्त आर्केस्ट्रा संचालिका के आवास पर पहुंचकर आजाद ने घर का दरवाजा खुलवाया और पूजा को गोली मार फरार हो गया। इस दौरान गोली से बचाव करते वक्त पूजा के हाथ को छेदते हुए गोली सीने में जा लगी।

इस बाबत थानाध्यक्ष शशीभूषण शर्मा ने बताया कि फिलहाल पीडि़ता का इलाज चल रहा है। उसके फर्दबयान के बाद एफआइआर दर्ज किया जाएगा। घटना को अंजाम देनेवाले युवक की तलाश जारी है।