SAMASTIPUR : हसनपुर प्रखंड क्षेत्र के बडग़ांव पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर-15 के वार्ड सदस्य द्वारा नल जल योजना के करीब 15 लाख रुपये गबन कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी दुनियालाल यादव ने वार्ड सदस्य पूजा कुमारी के विरुद्ध अंतिम नोटिस तामिला के उपरांत प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश पंचायत सचिव को दिया है।
नल जल योजना का कार्य शुरू करने के लिए पंचायत कार्यालय से तीन-तीन बार नोटिस जारी किया गया। मगर वार्ड सदस्य के कानों पर जू तक नहीं रेंगी। नतीजन प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अंतिम नोटिस तामिला कर बडग़ांव के कार्यपालक सहायक राहुल कुमार के माध्यम से वार्ड सदस्य के घर के दीवार पर इश्तेहार चिपका दिया है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि पंचायती राज विभाग के अवर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा द्वारा पत्रांक-7706 दिनांक-07 दिसंबर 2020 के माध्यम से निर्देशित किया गया है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के अंतर्गत ससमय पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर संबंधित ग्राम पंचायत के मुखिया एवं वार्ड सदस्य के विरुद्ध धारा 18 (5) के अंतर्गत कार्रवाई की जाए।