MADHEPURA : जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंजौरा बाजार में सोमवार की देर संध्या बदमाशों ने जिला परिषद सदस्य रीना जायसवाल के पति अनिल जायसवाल को गोली मारकर जख्मी कर दिया है। उन्हें दो गोली लगी है। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है।
इस संबंध में उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ सतीश कुमार ने बताया कि घटना देर संध्या की है। जख्मी को इलाज के लिए पूर्णिया ले जाया गया है। वारदात की वजह सामने नहीं आ पाया है। वैसे पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह अनिल जायसवाल मंजौरा बाजार स्थित अपने ईट फैक्ट्री का कारोबार संभाले हुए थे। लगभग आठ बजे संध्या में अचानक बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।
आसपास के लोगों ने बताया कि बदमाश बाइक पर सवार था। गोली मारने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। कारोबार स्थल पर से कुछ दूरी पर मंजौरा बाजार में ही उनका घर है। जहां घर से स्वजन भी पहुंचे। आनन- फानन में लोग स्थानीय उपचार के बाद अनिल को ईलाज के लिए पूर्णिया ले गए। मंजौरा बाजार से दर्जनों वाहन पर सवार लोग उनके ईलाज के लिए साथ गए हुए हैं। मंजौरा बाजार व आसपास के गांव के लोगों में दहशत है। आखिर, बदमाशों ने गोली क्यों मारी यह साफ नहीं हो पाया है।