2020/12/04

बहन की डोली विदा कर भाई ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, घरेलू विवाद से चल रहा था परेशान

SASARAM : शिवसागर थाना क्षेत्र के मोर गांव में एक भाई ने अपनी सगी बहन की डोली घर से विदा करने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। उसने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर खुदकुशी की है। घटना गया-मुगलसराय रेल खंड पर बेदा नहर के पास बुधवार की देर शाम मे घटित होने की बात कही गई है। 

जानकारी देते हुए सासाराम रेलवे स्टेशन के जीआरपी थानाध्यक्ष लल्लू सिंह ने बताया की शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित मोर गांव के निवासी भूपेन्द्र कुमार यादव नामक युवक के द्वारा मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी गई। 

बताया कि एक दिसम्बर की रात में भूपेन्द्र के बहन की शादी थी। बहन की शादी होने के बाद उसने दो दिसंबर की सुबह में बहन की डोली को विदा किया और घर आए मेहमानों की विदाई करने के बाद घर से निकल गया।

शादी में रातभर जगे होने के कारण परिवार के लोग सो गए थे। हालांकि शाम में जब भूपेंद्र दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

 उसके बाद किसी के द्वारा रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली। उधर सूचना मिलने के बाद जीआरपी थाना की पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले चुकी थी। 

जीआरपी के थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि रेलवे ट्रैक पर जिस युवक का शव बरामद किया गया है, प्रथम दृष्टया देखने से यह प्रतीत होता है की युवक के द्वारा आत्महत्या की गई है। गांव के कुछ लोगों से मिली जानकारी के अनुसार युवक के बहन की शादी में किसी विवाद को लेकर तनाव में था।