SUPAUL : मेला देखने के बहाने अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे युवक को पकड़ कर ग्रामीणों ने दोनों की शादी करा दी। घटना को लेकर बताया जाता है कि प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी युवक के आने की भनक परिवार की महिला को लगी। जिसके बाद महिला ने यह जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद प्रेमिका के घर से ग्रामीणों ने प्रेमी युवक को पकड़कर पहले जमकर उसकी पिटाई की।
इसके बाद प्रेमी के परिजनों को सूचना देकर बुलाया एवं दोनों की शादी करा दी। मामला मरौना उत्तर पंचायत स्थित अगरगरहा गांव का है। जहां वर्षों से कोसी बांध के पास कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले का आयोजन हर वर्ष किया जाता है।
इसी क्रम में बीते 2 दिसंबर को गनौरा वार्ड 2 निवासी लालेश्वर मुखिया के पुत्र प्रदीप कुमार मुखिया अपने दोस्त के साथ मेला देखने अगरगरहा गया था। मेले में प्रदीप की मुलाकात उसकी प्रेमिका से हुई। मेला देखने के बाद प्रदीप प्रेमिका के घर चला गया। जहां रात में अनजान युवक को घर में देखकर घर की महिलाओं ने ग्रामीणों को सूचना देकर बुलाया और ग्रामीणों ने प्रेमी युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
दोनों परिवार के सहमति से हुई शादी : बुजुर्ग ग्रामीणों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। ग्रामीणों ने बैठकर कर दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। जिसके बाद प्रदीप के परिजनों को सूचना दिया। प्रदीप के वृद्ध दादा मुशहरु मुखिया गुरुवार की शाम अपने ग्रामीण और रिश्तेदार के साथ अगरगरहा पंहुचे। जहां पोते की शादी की तैयारी हुई।
पंडित राजेन्द्र प्रसाद को बुलाकर दोनों की विधिवत शादी कराई गई। इसके बाद विवाहित प्रेमी जोड़े को विदा का किया गया। प्रेमी प्रदीप के पिता पंजाब और प्रेमिका के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं।
मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन यादव और सुशील मुखिया सहित दर्जनों ग्रामीणों ने दोनों को आशीर्वाद दिया। बताया जा रहा है कि एक साल पहले प्रदीप अपने फुफेरे भाई के शादी में अगरगरहा बारात में गया था। उसी क्रम में दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा।