DESK : प्रयागराज के फूलपुर इलाके में इस सहालग में एक अनोखी शादी हुई है। पढ़ाई के दौरान जिस लड़के से प्यार किया, उससे शादी करने के लिए आजमगढ़ की एक युवती बरात लेकर प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र में स्थित प्रेमी के घर पहुंच गई। उससे शादी रचाई और ससुराल में रुक गई।
इस खास बरात और शादी के साक्षी बने फूलपुर थाना क्षेत्र के गुलचपा गांव के सैकड़ों लोग। आजमगढ़ के अतरौलिया बाजार निवासी हरीलाल की बेटी आराधना कुछ वर्ष पहले फूलपुर क्षेत्र के एक विद्यालय सेे बीटीसी कर रही थी। उसी दौरान उसे फूलपुर के गुलचपा गांव के गुलाबचंद से प्यार हो गया।
कुछ दिन बाद जब परिजनों को इस बात का पता चला तो नाराजगी जाहिर की लेकिन आराधना गुलाबचंद से शादी के लिए अड़ी रही। गुरुवार को आराधना ने आजमगढ़ से बाकायदा 11 कारों के काफिले से 55 बरातियों के साथ गुलचपा पहुंच गई।
गुलाबचंद्र के घर वह बरात लेकर पहुंची तो गांव के लोग भी भौचक रह गए। बरात पहुंचने पर लड़के पक्ष के लोगों ने विवाह के लिए राजी हो गए। आनन-फानन में शादी की तैयारी की गई। पंडित बुलाए गए। इसी दौरान बरातियों का स्वागत हुआ, उनका मुह मीठा कराया गया। फिर जयमाल हुआ। तत्पश्चात रात में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। साथ आए बराती रात भर रुके रहे। शुक्रवार सुबह बराती वापस आजमगढ़ चले गए।
दुल्हन बनी आराधना अपने ससुराल में ही रुक गई। क्षेत्र में हुए इस विवाह को लेकर लोगों में चर्चा व्याप्त है। इस प्रेम विवाह को रिश्तेदारों ने भी मंजूरी दे दिया। गुलाब के कई रिश्तेदार उनके घर पहुंचकर शादी की बधाई दी।