2020/12/26

समस्तीपुर में चर्चित मुखिया को अपराधियों ने मारी गोली, हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद शरीर से निकली गोली

SAMASTIPUR :  वारिसनगर प्रखंड की गोही गाछी में गुरुवार की दोपहर गोली लगने से घायल गोही पंचायत के मुखिया राजेश कुमार सहनी को ऑपरेशन के बाद गोली निकाली गई। अब उनकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है। 

स्थानीय पीएचसी में प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया गया था। वहां गुरुवार की रात्रि डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। उनका इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।

 वहीं घायल मुखिया का अभी तक फर्द बयान नहीं हो सका है। इधर, दिनभर पुलिस जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही। बावजूद उन्हें कोई भी सफलता हाथ नही लगी है। थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी के माध्यम से भी अपराधी का पता लगाया जा रहा है। फुटेज में एक ब्लू रंग की बाइक पर तीन की संख्या में अपराधी की तस्वीर आ रही है, जिसकी पहचान में पुलिस जुटी है। 

वहीं मुखिया का फर्द बयान नहीं होने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। बताते चलें कि गुरुवार की दोपहर अपराधियों ने गोही मुखिया को वारिसनगर- किशनपुर पथ पर गोही गाछी के समीप दिनदहाड़े गोली मारकर घायल कर दिया था। घायलावस्था में उन्हें स्थानीय पीएचसी लाया गया था। जहां से उन्हें दरभंगा रेफर किया गया। 

परिजनों ने उन्हे दरभंगा के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां रात्रि साढ़े नौ बजे के करीब उनकी गोली निकाली गई। मुखिया के स्वजनों ने बताया कि शरीर से अत्यधिक खून बह जाने की स्थिति में वह ज्यादा बोलने की स्थिति में नही हैं। लेकिन, अब वे खतरे से बाहर बताए गए हैं।