SAMASTIPUR : रोसड़ा में महज आठ वर्षीय बालक ने अपनी मेधा के बल पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पटसा के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत छात्र अंकित ने केवल 7 मिनट 50 सेकंड में 208 किताबों के लेखक का नाम धाराप्रवाह बताकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
बताते चलें कि अपने नाना धर्मनाथ झा के घर पटसा में ही रह रहे बालक अंकित मुलरूप से बेगूसराय जिला के आकोपुर निवासी ललन शर्मा और गौरी देवी का पुत्र है। इस उपलब्धि का मुख्य श्रेय अपनी माता गौरी देवी को देते हुए पूर्व में बड़े भाई आदित्य कुमार का नाम इस बुक में रिकॉर्ड होने के बाद से ही इसे अपना लक्ष्य में शामिल करना बताया।
मां ने सफलता के लिए बच्चों के अंदर जोश एवं प्रतिस्पर्धा की भावना होना जरूरी बताया है। छात्र के इस उपलब्धि पर मनिद्र नाथ शर्मा, महानंद झा, मणिकांत झा, धर्म नाथ झा, राम किशोर राय, ललन शर्मा, अनामिका, कुंदन राय एवं वरुण कुमार राय आदि ने हर्ष जताते हुए बच्चे के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली की इस संस्था द्वारा ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। सर्वप्रथम वॉयस रिकॉर्ड कर भेजना और तत्पश्चात लाइव सेशन में प्रतियोगी का चयन किया जाना बताया।