SAMASTIPUR : सरायरंजन प्रखंड मुख्यालय स्थित हनुमान मंदिर के पास यात्री शेड के पीछे शनिवार की देर रात सरायरंजन थाना की पुलिस ने एक वृद्ध का शव बरामद किया है। शव बरामद होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के गुढ़मा निवासी मकसूदन महतो के पुत्र शंकर महतो (50) के रूप में की गई है।
घटना के बाबत ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग उक्त रास्ते से होकर गुजर रहे थे। अचानक लोगों की नजर यात्री शेड के पीछे लाश पर पड़ी। ग्रामीणों ने जब लाश के नजदीक जाकर देखा तो उसकी पहचान की और तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। लोगों का बताना था कि उक्त व्यक्ति राजमिस्त्री का काम करता था।
वह कहीं से काम कर वापस घर लौट रहा था। लौटने के क्रम में सरायरंजन बाजार से सब्जी खरीद कर घर ले गया। सब्जी घर पर रखकर वापस सरायरंजन में देखा गया था। ग्रामीणों का बताना था कि काफी देर तक शंकर घर नहीं पहुंचा तो परिजन खोजबीन कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सरायरंजन में एक शव मिला है। घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की। घटना की सूचना पर सरायरंजन के प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर सिंह, सीओ विजय कुमार तिवारी व पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की छानबीन करने लगे।
छानबीन के दौरान मृतक के शरीर की तलाशी ली गई। तलाशी लेने के क्रम में मृतक के जेब से एक सिम बरामद किया गया। मृतक के पास से मोबाइल बरामद नहीं हो पाया। वहीं मृतक के दोनों ठेहूना पर चोट के निशान भी पाए गए । हालांकि घटना संदेहास्पद बताई जा रही है। ग्रामीणों द्वारा हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल परिजन द्वारा थाना में आवेदन नहीं दिया गया है। पूछे जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर सिंह ने बताया कि घटना संदेहास्पद है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
पुलिस द्वारा मृतक के शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। वहीं मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया था।