MUZAFFARPUR : साेशल साइट पर फर्जी आईडी बना कर छात्रा के फोटो के साथ एक युवक द्वारा आपत्तिजनक पाेस्ट डाले जा रहे हैं। इसकी शिकायत छात्रा और उसके परिजनाें ने मंगलवार काे नगर थाना पहुंचकर पुलिस से की। मामले में माेहल्ले के ही एक युवक काे आराेपित करते हुए परिजनाें ने पुलिस काे बताया कि इस पाेस्ट और तस्वीर के कारण उनकी बेटी 6 माह से काफी डिप्रेशन में है।
उसकी पढ़ाई-लिखाई समेत अन्य काम भी बाधित हैं। उसने कहा है कि यदि पुलिस ने उक्त युवक पर कार्रवाई नहीं की ताे वह आत्महत्या कर लेगी। मामला सिकंदरपुर ओपी क्षेत्र का है। दारोगा सुनील पंडित को पूरे मामले की जानकारी देने के साथ परिजनाें ने आराेपित पर शीघ्र कार्रवाई करने व उक्त आईडी को बंद कराने की मांग की है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई करने के साथ-साथ काम भी करती है।उसने साेशल साइट पर अब तक अपना काेई अकाउंट नहीं बनाया है। आरोपित युवक उसके नाम से फर्जी आईडी बना और उसका फोटो लगा कर आपत्तिजनक पोस्ट करता रहता है। उसने माेहल्ले के एक अन्य युवक और उसकी पत्नी की तस्वीर के साथ भी आपत्तिजनक बातें पाेस्ट कर दी थी।
जिसकी शिकायत उक्त दंपती ने पहले ही थाने में की थी। इस कारण मोहल्ले के लोगों में भी विरोध है। पुलिस ने परिजन और छात्रा की शिकायत सुनने के बाद पूरी मदद का भरोसा दिलाया है। मामले की छानबीन की जा रही है।