SAMASTIPUR : लुधियाना--बिहार के समस्तीपुर का खुशदिल कुमार सोमवार दोपहर शराब के नशे में होश खो बैठा और हंगामा खड़ा कर दिया। वह नए बने जगराओं पुल पर चढ़ गया। जमीन से 53 फीट ऊंचे पुल के स्ट्रक्चर पर खड़ा होकर भंगड़ा डालने लगा। युवक शराब के नशे में झूम रहा था। जरा सा बैलेंस बिगड़ता तो नीचे गिरकर उसकी जान भी जा सकती थी। उसे देखते ही पुल पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस को पता चला तो उसके हाथ पांव फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने आधं घंटे बाद बड़ी मुश्किल से उसे नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया।
घटना सोमवार दोपहर करीब 2.20 बजे की है। पुल से गुजर रहे लोगाें ने देखा कि एक युवक पुल पर चढ़ रहा था। पुल के पिलर पर रखी बीम की ऊंचाई 33 फीट है। पुल पर चढ़कर उसने भंगड़ा डालना शुरू कर दिया। उसके हाथ में एक झंडा भी था। उसे देख पुल पर खड़े लोग डर गए। इसका पता चलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उसके कुछ ही समय बाद थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस टीम ने समझा बुझा कर उसे नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। करीब 2.50 बजे युवक नीचे उतरा तो पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पता चला कि उसने खूब शराब पी रखी थी। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया।
एसआई प्रदीप सिंह ने कहा कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम खुशदिल कुमार बताया है। वो समस्तीपुर (बिहार) का रहने वाला है। यहां वह जगराओं पुल मंदिर के बाहर ही रहता है। कभी कभार काम मिल जाए तो कर लेता है। सोमवार वो खेतों से मजदूरी करके लौट रहा था। उसने शराब पी ली और उसके बाद हंगामा खड़ा कर दिया।