2020/12/25

ड्रीम प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, बोले- एक साल के भीतर पूरा हो जाएगा काम

PATNA : सीएम नीतीश कुमार शुक्रवार को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट लोहिया पथ चक्र का निरीक्षण के लिए बेली रोड पहुंचे। ललित भवन के पास उन्होंने कामकाज का जायजा लिया। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आईआईटी दिल्ली का यह प्रोजेक्ट उन्हें काफी पसंद आया था।

इसलिए रखा गया नाम लोहिया पथ चक्र
निरीक्षण के दौरान सीएम ने कहा कि 10 साल पहले ही यह पता चल गया था कि यहां की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अलग तरह के पुलों का जाल चाहिए। इस वजह से ही आईआईटी दिल्ली का यह प्रोजेक्ट बिल्कुल नया और अलग दिखा। यहां की बढ़ती ट्रैफिक व्यवस्था को देखकर लगता था कि ऐसा सिस्टम बनाना चाहिए जिससे लोगों को हर जगह जाने के लिए अलग रास्ता चाहिए। उसी के हिसाब से यह प्रोजेक्ट था। इस वजह से ही इसका नाम लोहिया पथ चक्र रखा गया है।

पानी की वजह से डिजायन में बदलाव
देश में सबसे पहले बिहार ने ही इसे अपनाया। लोहिया पथ चक्र में 49 रास्ते रखे गए हैं। इससे लोगों को काफी सहुलियत होगी। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि इसपर काम पहले ही शुरू हो गया था। लेकिन, जमीन के अंदर पानी निकल गया। बाद में लगा कि बीच में ब्रिज बना देंगे, लेकिन रेलवे से जमीन मिल गई। इससे दूसरा ब्रिज बन रहा है। पानी की वजह से विशेषज्ञों ने डिजायन में कुछ बदलाव किया है। इसको लेकर निरीक्षण किया है। सभी ने आश्वस्त किया है कि जून के अंत तक एक पॉर्शन हो जाएगा।

2021 के दिसंबर तक पूरा होगा काम
सीएम ने यह भी बताया कि इसके आगे वाली जगहों पर काम करने के लिए कुछ संशोधन किया गया है। अगले साल के दिसंबर तक लोहिया पथ चक्र का काम पूरा हो जाएगा। इसकी सुरक्षा का इंतजाम भी किया जाएगा। इसके लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कितना भी ट्रैफिक हो, परेशानी नहीं होगी। यह बिल्कुल नया कंसेप्ट है। इसका अनुकरण दूसरों जगह पर भी किया जाएगा।