2020/12/29

कुर्सी से बांध केरोसिन छिड़ककर महिला को दहेज के लिए जिंदा जलाया,तड़प-तड़पकर महिला की मौत

VAISHALI : वैशाली जिला के गोरौल थाना क्षेत्र के रुसूलपुर इनायत उर्फ वभनटोली गांव में दहेज के लिए रूह कंपा देनेवाली हत्‍या का मामला सामने आया है। 

यहां ससुराल वालों ने विवाहिता को कुर्सी से बांधकर केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया। 30 वर्षीय खुशबू देवी की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। उसकी शादी वभनटोली गांव के सोनू कुमार के साथ तीन वर्ष पूर्व न्यायालय में हुई थी। यह उसकी दूसरी शादी थी।

कई बार रुपये ले चुके थे ससुरालवाले

शादी के बाद से ही उसके पति, जेठ एवं अन्य ने दहेज के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया था। कई बार उसके मायके वालों ने वभनटोली आकर रुपया देकर मामले को  सुलझाया। इसके बाद भी पति बराबर मायके से रुपया मांगकर लाने का दबाव देता था। कई दिनों से इसी बात को लेकर घर मे झंझट चल रहा था।

दो छोटी बच्चियां हैं

सोमवार की सुबह सभी ने मिलकर कुर्सी से बांध दिया और केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। उसकी दो बच्चियां भी हैं। मां देसरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी कलवा देवी ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी। 

सूचना मिलते ही गोरौल थाने के अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मां ने आवेदन दिया है। एफआइआर दर्ज करने की करवाई की जा रही है। पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।