RANCHI : रांची नगर निगम और झारखंड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुप्मी) के नवनिर्मित भवन का ऑनलाइन उद्घाटन 29 दिसंबर को सीएम हेमंत सोरेन मोरहाबादी मैदान में करेंगे। कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का उद्घाटन व रांची जोन 1 के सीवरेज प्रोजेक्ट समेत अन्य योजनाओं का शिलान्यास होगा।
रांची निगम भवन में एक साथ 200 से अधिक लोग काम कराने आ सकते हैं। निगम के मल्टी पर्पज हॉल में 200 लोगों के बैठने की क्षमता है। वहीं धुर्वा स्मार्ट सिटी में बने जुप्मी बिल्डिंग में एक साथ करीब 400 स्टूडेंट्स के पढ़ाई कर सकेंगे।
निगम भवन की खासियत
- 83 डिसमिल जमीन पर 11641 वर्गमीटर में निगम भवन बना है।
- 32 करोड़ से बने बेसमेंट, ग्राउंड, 8 मंजिलें भवन वास्तुकला का नमूना है।
- 08 हजार वर्गफुट के आधार तल पर आम लोगों की जरुरतों के लिए जनसुविधा केंद्र, एटीएम सहित अन्य काउंटर हैं।
- 64 कार और 100 दो पहिया वाहनों की पार्किंग बेसमेंट में होगी। ग्राउंड फ्लोर पर भी पार्किंग होगी।
- 200 लोगों के बैठने की क्षमता का मल्टीपर्पज हॉल, रिकॉर्ड रूम, किचेन, कैफेटेरिया आदि हैं।
जुप्मी बिल्डिंग की खासियत
- 7.5 एकड़ जमीन पर 6900 वर्गमीटर में झारखंड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट बना है।
- 110 करोड़ रुपए से बनी बिल्डिंग में बेसमेंट, ग्राउंड सहित 4 तल्ले हैं।
- 400 स्टूडेंट्स एक साथ यहां पढ़ाई कर सकेंगे। यहां अर्बन डेवलपमेंट के कोर्स की पढ़ाई होगी।
- 130 कार और 100 दो पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है।
- 44 फीसदी क्षेत्र में लैंड स्केपिंग करके हरियाली का ख्याल रखा गया है, ताकि स्टूडेंट्स को बेहतर कुदरती माहौल मिल सके।
मेयर ने साधा निशाना...
मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि रघुवर सरकार के समय ही निगम भवन और जुप्मी बिल्डिंग बन गई थी। कमांड कंट्रोल का भी काम लगभग पूरा हो गया था। सीवरेज प्रोजेक्ट का अभी टेंडर फाइनल नहीं हुआ है। बावजूद सरकार वाहवाही लूटना चाहती है। पूर्व की सरकार में निगम को 2018-19 और 2019-20 में नागरिक सुविधा मद में 53.22 करोड़ व 14 वें वित्त आयोग से 223 करोड़ रुपए और सड़क मद में 53 करोड़ रुपए मिले थे।