2020/12/08

मां ने रुकवाई नाबालिग बेटी की जबरन शादी, चाइल्ड लाइन की टीम ने किया समर्थन

DESK : देशभर में 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों की शादी करना अपराध है. वहीं, आगरा के अछनेरा गांव में भी एक नाबालिग लड़की की जबरन शादी करने का मामला सामने आया है. लेकिन खास बात तो यह है कि लड़की की मां ने ही अपनी बेटी की जबरन शादी रुकवा दी, और इस बात की जानकारी महिला ने चाइल्ड हेल्पलाइन में भी दी, जिन्होंने बाद में महिला का समर्थन किया और नाबालिक बेटी को अपने साथ लेकर चले गए.

मामला अछनेरा गांव का है, जहां रविवार की शाम को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर एक महिला ने फोन किया था. महिला ने फोन कर ससुराल वालों द्वारा नाबालिग बेटी की जबरदस्ती शादी कराने की सूचना दी थी. ऐसे में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम अछनेरा पुलिस को लेकर विवाह स्थल पर पहुंची और शादी रोकने को कहा. लेकिन वहीं लड़की के बाबा और ताऊ ने बताया कि वह बालिग है और उसके पिता की मौत हो चुकी है, जिसके कारण वह शादी करवा रहे हैं.

लड़की के ताऊ ने सबूत के तौर पर उसकी स्कूल की रिपोर्टकार्ड भी पुलिस को दिखाई. वहीं, दूसरी तरफ लड़की ने भी बताया कि वह बालिग है. शादी को लेकर ग्रामीणों को जब पता चला कि युवती की मां ने उसकी शादी रुकवाने की कोशिश की है तो पूरा गांव महिला के खिलाफ हो गया. हालांकि, पुलिस की मदद से चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम युवती को अपने साथ ले आई और फिल्हाल उसे अपने पास ही रखा हुआ है. इसके साथ ही पुलिस भी पेश किये गए प्रमाण पत्रों की जांच में लगी हुई है.