2020/12/24

समस्तीपुर में पछिया हवा ने बढ़ाई कनकनी, ठंड से राहत की उम्मीद नहीं गिरेगा और पारा, कुहरे का असर ट्रेन और बस सेवा पर भी पड़ा

SAMASTIPUR : 8-10 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही पछिया हवा ने हाड़ कंपा कर रख दी है। बुधवार को सुबह घना कुहासा छाया रहा। सुबह करीब नौ बजे सूर्य देव निकल गए जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन पछिया हवा के कारण दिनभर कनकनी बरकरार रही। शाम सूर्य डूबते ही लोग घरों में दुबकने लगे। कुहासे के कारण ट्रेनों के परिचालन में दिक्कतें आ रही है। अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद कम है। राजेंद्र कृषि विश्व विद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक अब्दुल सत्तार ने बताया कि उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में ठंड का असर बढेगा। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट की संभावना है।

स्टेशन पर ठंड से बचने का नहीं हैं उपाय, ठिठुर रहे यात्री
स्थानीय स्टेशन पर सात प्लेटफार्म है, लेकिन स्टेशन के कोई भी प्लेटफार्म पर ठंड से बचने का कोई उपाय नहीं है। जिससे प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में रहने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खास कर सुबह के समय ट्रेन के इंतजार में देहाती इलाके से स्टेशन पहुंचने वाले लोगों को अधिक दिक्कत है। चुकी यात्री प्लेटफार्म पर ही ट्रेन का इंतजार करते हैं। मुसाफिर खाना, टिकट काउंटर अथवा प्लेटफार्म पर कही भी ठंड से बचने का उपाय नहीं है।