JAMUI : चकाई थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की को अगवा कर जबरन शादी करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने थाने में एफआइआर दर्ज कराया है। दर्ज एफआइआर में गांव के ही नौ लोगों को नामजद एवं 15 से 20 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।
दो दिनों तक लड़की को छुपाकर रखने के बाद पांच दिसंबर को गांव स्थित काली मंडप में उसकी जबरन शादी विजय कुमार साह के साथ करा दी गई। वधु पक्ष द्वारा विरोध किया गया तो वर पक्ष ने रिवॉल्वर एवं अन्य हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। लड़की के पिता का आरोप है कि इस शादी में लड़की की कोई रजामंदी नहीं है। आवेदन में कहा गया है कि अभी भी लड़की उन लोगों के ही कब्जे में है।
प्रेम प्रसंग सहित अन्य बिंदुओं पर जांच
प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वमोहन झा ने बताया कि नाबालिग लड़की को अगवा कर जबरन शादी कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आलोक में कांड संख्या 230/20 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है। हर पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
प्रेम प्रसंग का मामला होने की भी संभावना है। प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस लगातार इस पर नजर रख रही है। जिसने लड़की का अपहरण किया है उसकी पृष्ठभूमि देखी जा रही है। हालांकि पुलिस ने यह बताया कि अपहरण में कुछ लोग अपराधी किस्म में है। अपनी दबंगई के कारण दहशत बनाकर रखते हैं।