DESK : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में द्वारचार के बाद शराब के नशे में बहके बारातियों ने जमकर हंगामा किया। दुल्हन के चाचा को पीट दिया। कुर्सियां तोड़ डाली। गरीब पिता ने समझाया, मगर बाराती नहीं माने। अंत में दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। न भांवरे पड़ी। पुलिस आई और कई बारातियों को हिरासत में ले लिया। हंगामे के बाद दूल्हे राजा को जान बचाकर बैरंग जाना पड़ा।
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र के गांव मवियापुर के निवासी व्यक्ति ने अपने बेटे की शादी बिलसंडा के एक मोहल्ले में तय की थी। लड़की वाले गरीब परिवार से हैं। बुधवार रात को बारात आई। शादी में सीमित लोग लाने को कहने के बाद भी लड़का पक्ष सौ से ज्यादा बाराती लेकर पहुंचे। उम्मीद से दोगुने बाराती पहुंचने पर ही मामला बिगड़ गया। फिर भी दुल्हन के पिता ने बेटी के खातिर जैसे तैसे बारातियों का स्वागत सत्कार किया। खाना पीना खिलाया। बैंड पर जमकर नाच गाना हुआ। जयमाल हुई।
इसी बीच बारातियों ने शराब पीकर बारात में हंगामा शुरु कर दिया। दुल्हन के चाचा समझाने पहुंचे तो उन्हें जमकर पीटा। भाई पहुंचा तो उसे भी धुन दिया। बात दुल्हन के कानों तक पहुंची तो उसने शादी से साफ इंकार कर दिया। हंगामा बढ़ा और घरातियों ने पुलिस को फोन कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। दोनों पक्षों के कई लोगों को पुलिस रात में ही थाने ले आई। दुल्हन को समझाने की कोशिश की गई, मगर उसने भांवरों से इंकार कर दिया। अंत में दूल्हे राजा बिन दुल्हन वापस लौट गये। थाने में सुबह दोनों पक्षों में वार्ता के बाद पकड़े गये लोगों को रिहा कर दिया गया।