2020/12/10

समस्तीपुर : सर्दी बढ़ते ही जिले में अंडे की डिमांड बढ़ रही है,अंडे की दुकानों पर भीड़ भी,रेट भी ज्यादा

SAMASTIPUR : सर्दी बढ़ते ही जिले में अंडे की डिमांड बढ़ रही है। अंडे की दुकानों पर भीड़ भी है। एक कैरेट अंडा 170 रुपये के बीच मिल रहे हैं। जबकि कुछ दिनों पहले थोक में 120 रुपये कैरेट अंडा बिक रहा था। चंद दिनों में ही कीमत बढ़ गई है। पांच-छह रुपये में बिकने वाला उबाला हुआ अंडा सात से आठ रुपये में मिल रहा है।

 इसकी कीमत में इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वैसे तो लोग साल भर अंडे का सेवन करते हैं, लेकिन सर्दी के मौसम में अंडे का व्यापार तेज हो जाता है। इस साल अंडे का का कारोबार बीते साल की अपेक्षा तेजी में है। कोरोना काल में तमाम तरह की अफवाहों के चलते लोगों ने मीट और अंडा खाना पूरी तरह बंद कर दिया था।

 जिसको लेकर पशुपालन विभाग को सफाई देनी पड़ी थी कि अंडा और मीट खाने से कोरोना नहीं फैलता है। कोरोना काल में पोल्ट्री फार्म बंद होने की कगार पर पहुंच गए थे। लेकिन सर्दी शुरू होते ही अंडे का कारोबार बढ़ गया। फुटकर कारोबारी अंडे को अच्छे दामों में भुना रहे हैं। अलग-अलग दुकानों में अंडों के दाम सात से आठ रुपये तक पहुंच गए हैं।

अभी और बढ़ेगे कीमत

अंडे का व्यापार करने वाले कारोबारियों का अनुमान है कि अभी अंडे के दाम बढ़ जाएंगे। शुरुआती ठंड में जब दाम इतने ज्यादा है तो डिमांड बढ़ने पर अंडा की दाम में इजाफा होगा। थोक व्यापारी गुड्डा ने बताया कि कई सालों से अंडे का व्यापार कर रहे हैं इस बार अंडे में सबसे ज्यादा महंगाई है। कोरोना काल में ज्यादातर फर्म बंद हो गए थे। अब फिर से चालू हो गए हैं, लेकिन उत्पादन में देरी हो रही है। सर्दी बढ़ने पर अंडे की डिमांड और बढ़ेगी जिससे दामों में उछाल आ सकता है।