NALANDA: बूढ़े हो चले होमगार्ड के 'जवान' के हाथों में अगर किसी हट्टे-कट्टे युवा चोर के हाथों की रस्सी हो तो वह कब हथकड़ी सरका कर भाग जाए, कहना मुश्किल है। ऐसी घटनाएं अक्सर होती हैं। आज भी नालंदा सदर अस्पताल से एक चोर आसानी से ऐसे ही हथकड़ी सरका कर भाग गया है। चोर के भागने पर बुजुर्ग होमगार्ड कितने असहाय नजर आ रहे हैं, उसे आप तस्वीर में देखकर समझ सकते हैं।
जिन्हें खुद सुरक्षा की दरकार, वे जनता की सुरक्षा में
बिहार के पुराने होमगार्ड जवानों में से ज्यादातर की उम्र अब ढल चुकी है। ऐसे बहुत-से होगार्ड के जवान आज भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात नजर आ जाएंगे। नालंदा सदर अस्पताल के पास जिस तरह से चोर हथकड़ी सरका कर आसानी से भाग गया, उसे देख कर लोगों का यही कहना था कि जिन्हें खुद सुरक्षा की दरकार है, वे अब भी जनता की सुरक्षा में लगे हैं। चोर के भागने पर घबराहट में बुजुर्ग होमगार्ड के चेहरे पर जो भाव दिख रहे थे, उससे वे काफी असहाय दिख रहे थे।
कैसे भाग गया चोर
चोरी के मामले में पकड़े गये दो चोर में से एक चोर हथकड़ी सरकाकर भाग गया और होमगार्ड का जवान बेबस व लाचार खड़ा रहा। घटना नालंदा के सदर अस्पताल की है। नूरसराय पुलिस ने इकबाल और हिमांशु नाम के दो युवकों को चोरी के एक मामले में पकड़ा था। दोनों को जेल भेजे जाने से पूर्व कोरोना जांच के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया था।
उन दोनों चोरों के साथ होमगार्ड के सिपाही भी थे। अस्पताल पहुंचते ही इकबाल ने बड़ी चालाकी से हाथ से हथकड़ी सरकायी और पलक झपकते ही सदर अस्पताल से फरार हो गया। भागने वाले चोर का कुछ भी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि दोनों मवेशी चोरी के मामले में पकड़े गए थे। हथकड़ी सरकाकर चोर के भागने की खबर लगते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।