2020/12/07

दरभंगा में गोली मारकर व्यवसायी की हत्या, एक गिरफ्तार, दो हिरासत में, पुल‍िस कर रही जांच

DARBHANGA : जिले के फेकला ओपी क्षेत्र के गोरघट्टा गांव में रविवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यवसायी को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश गंज चौक की ओर फरार हो गए। घटना के पीछे लूट और पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। 

बताया जाता है कि गोरघट्टा निवासी रामसेवक यादव का पुत्र महेश यादव (35) गंज चौक स्थित अपनी दुकान बंदकर साइकिल से घर जा रहा था। घर से कुछ दूर पहले ही बगीचे के पास बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से ओवरटेक कर घेर लिया। घेरने के साथ एक गोली सीने और दूसरी गोली पांजर में मार दी। गंभीर स्थिति में घायल महेश को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना जंगल के आग की तरह पूरे इलाके में फैली। लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और जमकर हंगामा किया। ओपी प्रभारी राज कुमार सदल मौके पर पहुंचे। लेकिन, नाराज लोग उनकी बात मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। 

नाराज लोगों के आक्रोश को शांत किया। एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करने के आश्वासन के साथ पीड़ित पक्ष से बात की। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई जानकारी में पांच लोगों पर पुरानी दुश्मनी के तहत गोली मारकर महेश की हत्या कर देने का आरोप। घटना को अंजाम देनेवाले दो लोगों में एक की पहचान करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपित ललन यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।