SAMASTIPUR - नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में आवास योजना के लाभार्थियों ने नप कार्यालय में नगर प्रबंधक का घेराव करते हुए गुरुवार को जमकर हंगामा किया। नप प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की।
लाभार्थियों का कहना है कि करीब चार माह पूर्व नप प्रशासन द्वारा विभिन्न वार्डो के चयनित 122 लाभार्थियों को आवास योजना की स्वीकृति दी गई थी। लेकिन, 20 लाभार्थियों की ही फोटोग्राफी और जीरो टैगिग का काम हुआ।
इसके अलावे अन्य लाभार्थियों के जांच की प्रक्रिया अधूरी है। जबकि, सभी लाभार्थियों का कार्यादेश जारी कर दिया गया है। लेकिन, लाभार्थियों के खाते में अबतक आवास योजना राशि जमा नहीं की गई।
नगर परिषद वार्ड 26 निवासी राजू मुखिया, प्रमिला देवी, काशीपुर मोहल्ला के धनिक पासवान, माला देवी, अरुण राम, चंदन पासवान, धर्मपुर मोहल्ला के साबिर, शरीफ ने बताया कि कार्यादेश मिलते ही आवास निर्माण के प्रथम किस्त राशि प्राप्त करने के लिए गड्ढा खोद रखा है।
इस बाबत स्थानीय प्रतिनिधियों का भी ध्यान आकृष्ट कराया। लेकिन, आगे कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सभापति तारकेश्वर नाथ गुप्ता और नगर प्रबंधक के आश्वासन बाद लोगों ने हंगामा शांत किया। नगर प्रबंधक ने बताया कि तकनीकी खामियों की वजह से कार्य में विलंब हुआ। जल्द ही आगे की प्रकिया पूरी की जाएगी।