SAMASTIPUR : ताजपुर पुलिस ने मंगलवार को स्टेट बैंक परिसर से झपट्टा मार गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से तीन मोबाइल, बारह एटीएम कार्ड और दो बाइक बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि स्टेट बैंक परिसर में उक्त गिरोह के तीन लोग बैंक से रुपये निकालकर जाने वाले ग्राहकों की रेकी कर रहे थे।
पूछताछ करने पर बताया कि एटीएम बदलकर रुपया निकालने का काम वे सभी करते थे। इतना ही नहीं, मौका मिलने पर थैला या बैग में ब्लेड मारकर रुपये निकल लेते थे या फिर झपट्टा मारकर रुपयों से भरा थैला व बैग लेकर फरार हो जाते थे। काफी दिनों से ये लोग इस तरह का काम करते थे।
गिरफ्तार बदमाशों में वैशाली जिले के जारंग रामपुर का आकाश कुमार, भागलपुर जिला के विहपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का शिवम कुमार व दलसिंहसराय के सरदारगंज का योगेंद्र शर्मा बताया गया है। तीनों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।