BIHAR-MUNGER-डीआइजी मनु महारज ने सोमवार की रात मुंगेर और लखीसराय के विभिन्न थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में लापरवाही के दौरान कई पुलिस पदाधिकारियों पर गाज गिरी।
डीआइजी ने मुंगेर जिला के हेमजापुर ओपी और जमालपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। वहीं, लखीसराय जिला के सूर्यगढ़ा और मेदनीचौकी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआइजी ने जमालपुर के एसआइ शंभू शरण झा और हेमजापुर ओपी के एसआइ वीरेंद्र प्रसाद सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया।
वहीं, जमालपुर के सर्किल इंसपेक्टर मनोज कुमार सिन्हा और हेमजापुर ओपी अध्यक्ष सुनील कुमार से निलंबन के विरुद्ध स्पष्टीकरण मांगा है। डीआइजी ने रात में 11 बजे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना की गश्ती, थाना की ओडी डयूटी और पीड़ित की शिकायत पर त्वरित रिस्पांस को लेकर जांच की गई।
डीआइजी ने कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किए जाएंगे। वहीं, डीआइजी मनु महाराज मंगलवार को पुलिस लाइन मुंगेर का भी औचक निरीक्षण करेंगे। इधर, डीआइजी के औचक निरीक्षण से लापरवाह पुलिस कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।